गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के बरौली थाना क्षेत्र के रतन सराय स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जख्मी महिला बरौली बाजार की मंजू देवी बताई गई है।
इलाज के लिए उसे बरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि महिला मंजू देवी छपरा से अपने घर आने के लिए ट्रेन पर सवार हुई थी। ट्रेन से उतरने के क्रम में जख्मी हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए पहले बरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया।
अस्पताल कर्मियों की मदद से घटना की जानकारी महिला के परिजनों को दी गई। सूचना मिलने के बाद परिजन सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंच गए। जहां उनकी देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।