गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ के पास नेशनल हाईवे पर सड़क दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि नगर थाना क्षेत्र के एकड़ेरवा गांव के रहने वाले संजय सिंह की पत्नी सोनी देवी अपने मायके जादवपुर थाना क्षेत्र के मसानथाना गांव से बाइक पर सवार होकर अपने देवर के साथ ससुराल जा रही थी। इस बीच वे जैसे ही नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ के समीप पहुंची की बाइक चला रहा देवर ने अपना संतुलन खो दिया। जिससे महिला बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों की मदद से घायल महिला को ई-रिक्शा पर लादकर इलाज के लिए सदर अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।
महिला के साथ एक मासूम बच्चा भी था। जिसे हल्की चोट लगी थी। हादसे की सूचना महिला के परिजनों को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद महिला के परिजन सदर अस्पताल में पहुंचे। जहां उनकी देखरेख में घायल महिला का इलाज चल रहा है। इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर ने बताया कि हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट लगी है जिसका इलाज किया जा रहा है।