गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के कटेया थाना क्षेत्र के मगहिया टोला नारायणपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में एक महिला की मार पीट कर हत्या कर दी गई।
मृतका बाहरण सिंह की पत्नी मरछिया देवी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद कटेया थाना की पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई। घटना के 12 घंटे के भीतर पुलिस की टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह जमीन पर जबरन कब्जा करने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष से बाहरण सिंह, उसकी पत्नी मरछिया देवी, धनंजय कुमार, विकास कुमार, सुनैना देवी और राम सागर सिंह घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से इंद्रदेव कुशवाहा, प्रेम सागर सिंह, अकली देवी और अजीत सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इमरजेंसी वार्ड में सभी को इलाज के लिए लाया गया।
इलाज के लिए लाने के क्रम में रास्ते में ही गंभीर रूप से घायल महिला मरछीय देवी की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजा राम सिंह, प्रेम सागर सिंह और मंत्री देवी शामिल हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।