घायल का चल रहा इलाज
गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र एकडेरवा डेरा पर गांव में सोमवार को बाथरूम का पानी दरवाजे पर बहाने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई। मामले में एक महिला बुरी तरह घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।
आरोप है कि महिला की पिटाई के बाद उसकी फूंस की झोपड़ी में आग लगा दी गई। पीड़ित महिला के अनुसार अगलगी में डेढ़ लाख रुपए नगद व कपड़ा समेत अन्य संपत्ति जल गई। घायल महिला स्व. बंगाली महतो की पत्नी कलावती देवी बताई गई है। घटना की सूचना थावे थाने की पुलिस को दी गई।
महिला घर पर अकेली थी, तभी पड़ोसियों ने किया हमला
महिला ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग दरवाजे पर कई दिनों से बाथरूम का पानी बहाते हैं। पूर्व में कई बार पानी बहाने से मना किया गया था। इसके बाद भी उक्त लोग नहीं मान रहे थे। सोमवार को वह अपने घर पर अकेली थी।
उसके बेटे काम करने के लिए गए थे। इस दौरान बाथरूम का पानी बहाने के विवाद को लेकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडे से पिटाई करना शुरू कर दिए। इसके बाद झोपड़ी में आग भी लगा दी।
महिला ने बताया है कि उसकी बहू ने स्वयं सहायता समूह से घर बनवाने के लिए डेढ़ लाख कर्ज के रूप में लिया था। अगलगी में वह रुपए भी जल गए हैं। थावे थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना के बाद सूचना पाकर पुलिस की टीम पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है।