- घायल दो महिलाओं को गंभीर हालत में किया गया गोरखपुर रेफर
गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के बलिवन सागर गांव में अनियंत्रित कार ने बारात देखने के लिए गए पांच महिलाओं को कुचल दिया। जिससे दो महिलाओं की मौत हो गई और तीन महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
जख्मी महिलाओं को इलाज के लिए कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया।
इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में घायल महिलाओं का इलाज चल रहा था। जहां उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल गोरखपुर कर दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य सभी घायल महिलाओं को लेकर गोरखपुर रवाना हो गए।
मृत महिलाओं में राजेंद्र भगत की पत्नी ललिता देवी और देव नाथ भगत की पत्नी रामावती देवी शामिल हैं। घायल महिलाओं में गोरख भगत की पत्नी मनोरमा देवी, ह्रदया भगत की पत्नी विद्यावती देवी और रामायण भगत की पत्नी गौदी देवी शामिल हैं। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गांव में एक बारात आई हुई थी। बारात को देखने के लिए सभी महिलाएं पहुंची हुई थी। इस बीच बारात में आई एक कार अनियंत्रित हो गई और खाट पर बैठी महिलाओं को रौंद दिया। जिससे यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद विश्वंभरपुर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार साह समेत अन्य पुलिस बल की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। वहीं पुलिस की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब भी कर लिया है। उधर सदर अस्पताल में मृत महिलाओं के शव पहुंचने के बाद नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार राय के निर्देश के बाद पुलिस की टीम पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है।