गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के चिराई घर के समीप कॉलेज रोड में सड़क दुर्घटना में पूर्वी चंपारण के एक युवक समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी लोगों में पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थाने के हुसैनी के राजेंद्र यादव का बेटा शशिकांत यादव और थावे थाने के गोनियार गांव के वीरेंद्र भगत का बेटा विनोद प्रसाद बताए गए हैं।
इलाज के लिए दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। घटना के संबंध में बताया गया है की शशिकांत यादव अपने गांव से गोपालगंज शहर में किसी काम के लिए आया था। सोमवार की देर शाम वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। वह जैसे ही शहर के चिराई के घर के समीप पहुंचा कि वहां मौजूद विनोद प्रसाद को जोरदार धक्का मारते हुए सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं बाइक से धक्का लगने पर विनोद प्रसाद भी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की काफी संख्या में भीड़ जुट है।
फिर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को गाड़ी पर लादकर इलाज के लिए विनोद प्रसाद के परिजन लेकर सदर अस्पताल में पहुंचे। इसके बाद अस्पताल कर्मियों की मदद से जख्मी शशिकांत यादव के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद घायल युवक के परिजन अपने घर से गोपालगंज सदर अस्पताल के लिए रवाना हो गए।
उधर गोनियार के घायल युवक का इलाज उसके परिजनों की देखरेख में सदर अस्पताल में चल रहा है। विनोद के परिजनों ने बताया की वह अपने परिवार के एक बच्चे का इलाज कराने के लिए शहर के चिराई घर के समीप एक निजी अस्पताल में इलाज कराने के लिए आए थे। अस्पताल के बाहर आने के दौरान बाइक सवार ने उसे धक्का मार दिया। जिससे दोनों घायल हो गए।