गोपालगंज | व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के रामपुरवा गांव में गंडक नदी में डूबने से दो किशोरियों की मौत हो गई। दोनों किशोरी गंडक नदी के किनारे मवेशियों के लिए घास काटने के लिए गई हुई थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की काफी संख्या में भीड़ जुट गई थी। वहीं सूचना मिलने पर महम्मदपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरियों का शव बरामद किया गया। फिर पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। जहां डॉक्टरों की टीम ने दोनों शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। परिजन शव लेकर अपने घर के लिए रवाना हो गए। शव जैसे ही दरवाजे पर पहुंचा कि परिवार के सदस्यों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि महम्मदपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के अवधेश सहनी की पुत्री सुनीता कुमारी और इसी थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव के अजय बैठा की पुत्री अंजली कुमारी दोनों गंडक नदी की ओर मवेशियों के लिए घास काटने के लिए गई हुई थी। इस बीच अंजली का पैर फिसल गया और वह गंडक नदी में गिर गई। उसे देखकर बचाने के लिए जब सुनीता गई तो दोनों गंडक नदी की तेज धारा में बहने लगीं। इसके बाद दोनों किशोरी गंडक नदी में डूब कर गायब हो गई।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरियों का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। महम्मदपुर थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार ने बताया कि गोपालगंज सदर अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है।