अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव के समीप अनियंत्रित अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है।
मृतक की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के झंझवा गांव निवासी स्व. रुपा राम के 40 वर्षीय बेटा राजेंद्र राम और उसी गांव के निवासी विंदेश्वर राम के बेटा सीताराम राम के रूप में की गई।
मिली जानकारी अनुसार मृतक दोनों पेशे से राज मिस्त्री का काम करते थे जो आपस में दोस्त थे। दोनों काम करने के सिलसिले में अक्सर साथ में ही जाया करते थे। इसी बीच गुरुवार की दोपहर एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर से काम के सिलसिले में गोपालगंज आ रहें थे।
तभी जैसे ही दोनों बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर के पास पहुंचे ही थे कि एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने जोरदार धक्का मार दिया और फरार हो गया। वही बाइक सवार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतक राजेंद्र के दो बेटा और एक बेटी है। राज मिस्त्री का काम कर के अपने परिवार का भरण पोषण किया करता था। लेकिन उसकी मौत के बाद परिजनों पर दुःखो का पहाड़ टूट पड़ा है। जबकि सीताराम के पांच बेटियां है।
दो बेटियों की शादी करने के लिए वह प्रयास में जुटा हुआ था। लेकिन उसके मौत के बाद बेटियों की शादी और परिवार का भरण पोषण की चिंता परिजनों को सताने लगी है। एक साथ गांव के दो लोगों की मौत होने के बाद पूरे गांव में गमगीन का महौल है।