गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: सरकार की महत्वपूर्ण योजना जल जीवन हरियाली योजना व महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत गोपालगंज जिले में मिशन बरगद वन महोत्सव के शुभारंभ के लिए आयुक्त सारण एम सरवन का आगमन अनुमंडल हथुआ में हुआ।
जहां उन्हें जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात व उप विकास आयुक्त अभिषेक रंजन ने पुष्प पौधा देकर उनका स्वागत किया।
वहीं अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन वीरेंद्र प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हथुआ अनुराग कुमार ने भी पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। वहीं उन्हें पुलिस कर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहां पर उपस्थित मेडिकल कॉलेज की छात्राओं ने आयुक्त व जिला पदाधिकारी को तिलक लगाकर उनका अभिवादन किया।
इसके बाद आयुक्त ने अनुमंडलीय अस्पताल हथुआ के हर्बल गार्डन व पारा मेडिकल कॉलेज परिसर में फलदार पौधे लगाकर मिशन बरगद वन महोत्सव 2023 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना जल जीवन हरियाली के तहत राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बरसात के मौसम में अभियान चलाकर पौधारोपण कार्य किया जाए।
जिसमें सारण प्रमंडल के तीनों जिलों में यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गोपालगंज जिले में जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है । जिसमें ढाई लाख पौधे लगाने की आज शुरुआत हो गई है। उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान से संतुष्ट हैं।
उन्होंने अनुमंडलीय अस्पताल का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्था देख कर संतुष्ट दिखे। इसके बाद हथुआ प्रखंड के बरईपट्टी व जिगना पंचायत में भी पौधा रोपण किया। वहां से थावे प्रखंड के थाना परिसर में उन्होंने पौधारोपण किया। जहां डीएवी थावे के बच्चों ने भी पौधारोपण किया। वहीं डीएफओ कार्यालय परिसर थावे में भी पौधा रोपण किया गया।
इसके बाद सभी पदाधिकारियों के साथ कुचायकोट प्रखंड कार्यालय के समीप ग्राउंड में पौधारोपण किया गया और वहां से कुचायकोट प्रखंड के सिपाया में अवस्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में भी पौधारोपण किया गया।