गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के चंद्रगोखुल रोड में बुधवार को अपने बच्चों के लिए सामान खरीदने के पहुंची एक महिला के पर्स से चलती ई-रिक्शा पर ही तीन महिलाओं ने एक हजार नगद की चोरी कर ली। इस दौरान महिला को शक हुआ। इसके बाद महिला ने अपना पर्स चेक करने के बाद ई-रिक्शा चालक को ई-रिक्शा रोकने की बात कहते हुए तीनों महिलाओं को पकड़ लिया।
पकड़ी गई महिलाओं के पास से महिला के पर्स से गायब हुए पैसों को बरामद कर लिया गया। इसके बाद लोगों ने तीनों महिलाओं को पकड़ कर पिटाई करने के बाद नगर थाने की पुलिस को सौंप दिया। घटना के सम्बन्ध में बताया गया है कि बरौली थाना क्षेत्र के बलरा गांव निवासी शबनम खातून अपने दो बच्चों को लेकर सामान खरीदने के लिए गोपालगंज पहुंची थी। इस दौरान शहर के आंबेडकर चौक पर ई-रिक्शा पर सवार होकर चंद्रगोखुल रोड पहुंच गई।ई-रिक्शा में अन्य तीन महिलाएं भी सवार थीं।
वहीं महिला शबनम खातून अपने बच्चों में व्यस्त थी। इसी बीच तीनों महिलाओं ने शबनम खातून के पर्स से पांच पांच सौ के दो नोट की चोरी कर ली। महिला को शक हुआ। इसके बाद महिला ने पर्स को चेक करने के बाद तीनोंं महिलाओं को पकड़ लिया।
इस दौरान आसपास काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद लाेगों ने महिलाओं की पिटाई करने के बाद नगर थाने की पुलिस को सौंप दिया। वहीं, पुलिस तीनों महिलाओं की पहचान करने में जुट गई है।