गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर शुक्ला गांव में शनिवार की सुबह खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से अचानक आग लग गई। जिससे दो महिला समेत तीन लोग झुलस गए। झुलसे लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि गांव के वीरेंद्र पटवा की पुत्री अंशु कुमारी खाना बना रही थी। खाना बनाने के क्रम में सिलेंडर से गैस खत्म हो गया। इसके बाद दूसरा सिलेंडर लगाया गया। सिलेंडर लगाने के बाद अंशु ने जैसे ही माचिस की तीली जलाई कि पूर्व से लिक हो रहे गैस में अचानक आग लग गई। जिससे अंशु कुमारी गंभीर रूप से झुलस गई।
बचाने के लिए उसके पिता वीरेंद्र पटवा और उसकी मां उर्मिला देवी गई तो उनके शरीर में भी आग लग गई। इस कारण तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। आग लगने की सूचना मिलने के बाद परिवार के अन्य सदस्य व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और झुलसे लोगों को आग से बचाया और इलाज के लिए लेकर उन्हें सदर अस्पताल में पहुंचे। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
घटना के बाद पीड़ितों के दरवाजे पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद जादोपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में झुलसे लोगों को देखने के लिए गांव और रिश्तेदारी के लोग भी पहुंचे हुए थे।