गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के कटेया थाना क्षेत्र के इजरा बरी गांव में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच पूर्व से चल रहे भूमि विवाद में विवादित भूमि पर गोबर रखने के विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की आंगनबाड़ी सेविका सहित तीन लोगों पर भाला व तलवार से हमला कर दिया। हमले में जख्मी आंगनबाड़ी सेविका सहित तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार इजरा बरी गांव निवासी विजय यादव से उनके ही पड़ोस के लोगों के बीच पूर्व से भूमि विवाद चल रहा था। इस दौरान शुक्रवार को विजय यादव की गाय का गोबर लेकर उनकी पत्नी आंगनबाड़ी सेविका रमिता देवी विवादित भूमि पर चली गई। इस दौरान पड़ोस के लोगों ने रमिता देवी पर भाला से हमला कर जख्मी कर दिया। वहीं पत्नी को पिटते देख बचाने आए पति विजय यादव व अनिल यादव पर पड़ोस के लोगों ने तलवार से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
मारपीट की घटना के बाद जख्मी हालत में सभी को कटेया पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं मारपीट की घटना के बाद कटेया थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंच कर घायलों का बयान दर्ज कर कार्रवाई करने में जुट गई है।