गोपालगंज ।व्हीएसआरएस न्यूज: गोपालगंज से सुपौल जा रही सुरक्षा बलों की तीन बसें दुर्घटनाग्रस्त हो गयी हैं। इस हादसे में एक बस के ड्राइवर और कांस्टेबल की मौत हो गयी है जबकि आधा दर्जन से अधिक जवान गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक जवान की पहचान पवन कुमार के रुप में हुई है। मृतक बगहा का निवासी था। बस दुर्घटना सिधवलिया थाना क्षेत्र के बरहिमा मोड़ के पास एनएच-27 के पास की है। बताया जा रहा है कि पुलिस लाइन से तीन बसों में 242 महिला व पुरुष जिला बल के जवान चुनाव कराने के लिए सुपौल जा रहें थे।
इसी दौरान ये घटना हुई। बीच रास्ते में बरहिमा मोड़ के पास बस रोककर सभी नाश्ता कर रहे थे तभी तेज रफ्तार में आई कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में अशोक उरांव नाम के ड्राइवर की मौत हो गई है, जबकि आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम को मौके पर भेजा गया है।
इस हादसे के बाद सदर अस्पताल को अलर्ट करते हुए घायलों का इलाज के लिए एंबुलेंस अस्पताल लाया जा रहा है। बताया जा रहा की हादसा इतना दर्दनाक था कि दो बसों के बीच में कई पुलिस के जवान फंस गए और उन्हें निकालने की कोशिश घंटे तक होती रही। गोपालगंज के एसपी स्वर्ण प्रभात और डीएम मोहम्मद मकसूद आलम ने घटना का जायजा लिया और मौके पर राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर होने की बात कही है।
डीएम और एसपी घायलों के इलाज की लगातार मॉनिटरिंग कर रहें हैं।एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि घटना में हमारे 3 जवान की मौत हुई है। करीब 15 जवान घायल हुए हैं। दो लोगों को रेफर किया गया है। फिलहाल हालत सामान्य है। सभी लोग चुनाव कराने सुपौल जा रहे थे। मृतक जवानों की पहचान पवन महतो, अशोक उरांव और दिग्विजय के रूप में हुई है।
हमारी बस को टक्कर मारी, फिर वो दो बस से टकराई-घायल सिपाही
घायल सिपाही शंकर कुमार ने बताया कि मैं बस में ही बैठा था। नाश्ता करने रुका था तभी हादसा हो गया। तीनों बस में कंटेनर ने पीछे से टक्कर मारी है। मेरी बस में पीछे से टक्कर मारी जिसके बाद आगे की दो बस में टक्कर लग गई। दो लोग बस के बीच में फंस गए थे। अचानक लगा कि पीछे से धक्का लगा बस के शीशे टूटने लगे। हमें भागने का मौका नहीं मिला। मैं बेहोश हो रहा था, कुछ पता नहीं चला।