उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: थाना क्षेत्र के जमसड हाता में महिला टुनी देवी हत्याकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को शनिवार की सुबह न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना क्षेत्र के जमसड़ हाता गांव में गुरुवार की रात शंभू प्रसाद अपने दरवाजे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान के पिस्टल और धारदार हथियार से लैस पहुंचे डेढ़ दर्जन आरोपित उनसे गाली-गलौज करने लगे। वहीं विरोध करने पर शंभू प्रसाद की पिटाई शुरू कर दी गई। बीच बचाव में आई उनकी पत्नी टुनी देवी, भाई राजू पटेल और मुकेश पटेल को गोली मार दी गई। जबकि चार अन्य लोगों को भी धारदार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया गया। घटना के दौरान गोली लगने से 55 वर्षीय महिला टुनी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। जबकि अन्य सभी घायलों को मौके पर पहुंचे पुलिस द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जहां घायल राजू पटेल और मुकेश पटेल के चिंताजनक हालत को देखते हुए डॉक्टरों द्वारा गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। जहां दोनों का गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में घायल शंभू प्रसाद के आवेदन पर 8 नामजद और दस अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में थाना क्षेत्र के जमसड हाता के सुंदर पति देवी, उनके पति विद्यानंद पटेल और बेटा सूरज कुमार शामिल है।
गिरफ्तार आरोपित सूरज कुमार पर घायल मुकेश पटेल को गोली मारने का आरोप है। जबकि विद्यानंद पटेल और उनकी पत्नी सुंदरपति देवी पर विक्की कुमार और उनकी बहन गुड़िया कुमारी पर फरसा और चाकू से हमला कर जख्मी करने का आरोप है। इस दौरान थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।