गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: पटना में आगामी 24 जनवरी को स्व. कर्पूरी ठाकुर जयंती समारोह को लेकर भाजपा के पूर्व मंत्री सह एमएलसी जनक राम ने एक प्रेस वार्ता आयोजित की।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कर्पूरी ठाकुर के कार्यों की जमकर सराहना की। साथ ही सूबे के सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अयोध्या के बाद अब मथुरा-काशी की बारी है। 2024 में 400 पार होने के बाद लोगों का सपना साकार होगा।
जनक राम ने कहा कि विरोधियों को यह एहसास होना चाहिए कि भारतीय जनता पार्टी, जनसंघ काल से लेकर अभी तक ना आरक्षण के खिलाफ है, ना मंडल, ना पिछड़ा और ना सर्व समाज के खिलाफ है।
सम्पूर्ण देशवासी को विश्वास है कि चाहे डॉ भीम राव अम्बेडकर जी हों या कर्पूरी ठाकुर जी हों या जय प्रकाश नारायण जी हो और लोहिया जी हों, सभी महापुरुषों को सम्मान देने का कोई काम किया है तो वह भारतीय जनता पार्टी है।
उन्होंने कहा कि जैसे 2014 से 2019 तक और 2019 से 2024 तक फिर एक बार मोदी सरकार आई। अब 24 में चार सौ पार होने पर मथुरा का भी सपना साकार होगा। उन्होंने आगामी 24 जनवरी को पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में स्व कर्पूरी ठाकुर के जयंती समारोह में भाग लेने का आग्रह किया।
साथ ही उन्होंने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जिनके शासन काल में बिहार में बड़े पैमाने पर जंगल राज दिख रहा है, इससे जनता को मुक्ति चाहिए। हर किसी को घर से निकलने में डर लग रहा है। इस तरह सरकार को सत्ता और कुर्सी पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।
कांग्रेस मुक्त सरकार बनाने के लिए ठगबंधन की सरकार आ गई। जिसमें नौकरी लो, जमीन लिख दो…ये परंपरा चल पड़ी है। ईडी-सीबीआई जांच के मामले में उन्होंने कहा कि राम के घर में देर है, अंधेर नहीं है।