मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर नगर परिषद मीरगंज के सफाई कर्मियों ने मंगलवार की सुबह से हड़ताल पर चले गए।
सफाई कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से पूरे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। शहर में जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। मंगलवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यलय के बाहर खड़े होकर वेतन बढ़ाने की मांग की।
सफाई कर्मचारियों का कहना है कि नगर प्रशासन से वेतन तथा अन्य मांगों की बात की जाती है तो ध्यान नहीं दिया जाता है। कहा कि जब तक हम लोगों का वेतन नहीं बढ़ता है तब तक सफाई कार्य बंद रहेगा।
इधर, सफाई कर्मी नंद किशोर बांसफोर, मन्नू बांसफोर, धर्मेंद्र बांसफोर, बलिराम, तूफानी, सुरेश, विजय और ढेबर बांसफोर ने बताया कि दैनिक मजदूरी चार सौ रुपए मिल रहे जिसको छह सौ रुपए करने की मांग है लेकिन नगर प्रशासन नहीं कर रहा है, अगर मांग नहीं मानी गई तो अनिश्चत समय तक हड़ताल जारी रहेगा।
सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से नगर में हालात बिगड़ रहे हैं। सफाई न होने से जहां जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं वहीं नालियों में भी जलभराव की स्थिति नजर आने लगी है। लोगों का कहना है कि सफाई नहीं होने से बेवजह परेशान होना पड़ रहा है।
इस संबंध में ईओ मनोज कुमार ने बताया कि सफाई कर्मियों को जो मजदूरी मिल रही है वह सरकार के नियमानुसार है फिर भी सफाई कर्मचारियों की मांगों पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही कर्मी काम पर वापस लौट जायेंगे।