- लड़की के घरवालों ने मिलते देख लिया था।
गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के मांगुराहा गांव के पास मुख्य मार्ग पर एक युवक जख्मी अवस्था में बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़ा हुआ पाया गया।
परिजनों द्वारा इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। परिजनों ने देख लिया जिसके बाद उसे मारपीट कर सड़क किनारे फेंक दिया।
जख्मी युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नवादा खास गांव निवासी रियाजउद्दीन अहमद के बेटे अरमान अली के रूप में की गई। जख्मी युवक पिछले एक साल से दूसरे गांव की लड़की से प्रेम करता था। दोनों के बीच हमेशा चुपके-चुपके बातें होती थी।
इसी बीच लड़की फोन करके देर रात उसे अपने घर पर बुलाई। लड़की के परिजनों ने देख लिया और उसे घर में बंद कर जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से जख्मी युवक बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में उसे मांगुराहा गांव के मुख्य मार्ग पर फेंक दिया गया।
इधर, सुबह परिजन को जब जानकारी मिली तो उसे भर्ती कराया। युवक के परिजनों ने बताया कि प्रेमिका की बहन की शादी नवादा खास गांव में हुई थी। बहन के घर लड़की की बहन आती रहती थी।इसी बीच दोनों में प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। दोनों की फोन पर बातें होने लगी। प्रेम प्रसंग की जानकारी लड़की के परिजनों को हुई। कई बार युवक को धमकी दी गई, लेकिन दोनों के बीच प्रेम संबंध चलता रहा।
परिजनों ने बताया कि वह शनिवार की शाम मेला घूमने गया था, लेकिन दोबारा घर नहीं लौटा। उसकी प्रेमिका उसे फोन कर अपने घर बुलाई थी। उससे मिलने गया था। इसी बीच प्रेमिका के परिजनों को भनक लग गई और पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी गई।