गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के सदर प्रखंड मुख्यालय पर मुखिया संघ ने मंगलवार को एक दिवसीय धरना दिया गया जिसमें सदर प्रखंड मुख्यालय पर मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष अजीत राय के नेतृत्व में प्रखंड के सभी मुखिया व वार्ड सदस्य धरने पर बैठे। अपनी 19 सूत्री मांगों को लेकर बिहार व केंद्र सरकार को चेताया। कहा कि अगर सरकार उनकी मांगे नहीं मानती है तो हम और भी उग्र प्रदर्शन करेंगे।
मुखिया दीनबंधु सिंह ने कहा कि सारी मांगे जनता के हित में की गई हैं। जैसे वृद्धा पेंशन को एक हजार रुपए करने, कबीर अंत्येष्टि योजना को राशि बढ़ाकर पांच हजार रुपए करने, मुखिया व वार्ड सदस्य के मानदेय को बढ़ाने और राशन कार्ड बनाने की जिम्मेदारी पंचायत सरकार को देने जैसी मांगे हैं। सरकार लगातार पंचायत सरकार को कमजोर कर रही है। पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों में कटौती की जा रही है।
जिसके वजह से आम जनमानस त्रस्त है। बसडिला के मुखिया पति अरविंद मिश्रा ने कहा कि सरकार के द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों का जो हनन किया जा रहा है। उसके वजह से आम जनता को काफी परेशानी हो रही है। क्योंकि आम गरीब और कमजोर जनता पंचायत प्रतिनिधि को अपना सबसे करीबी सहयोगी समझती है। और किसी भी समस्या को लेकर सर्वप्रथम मुखिया और वार्ड सदस्य के पास लोग जाते हैं। परंतु हमारे अधिकारों पर सरकार के द्वारा अंकुश लगा देने से हम जनप्रतिनिधि लोगों की सेवा और सहयोग करने में असमर्थ हो जाते हैं। जिसके कारण जनता को कई कार्यायलयों का चक्कर लगाना पड़ता है। अगर पंचायत को अधिक से अधिक जिम्मेदारी दी जाती है तो इसका सीधा लाभ आम जनता को होगा और हर योजना अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक आसानी से पहुंच जाएगी।
धरना के दौरान मौके पर मौजूद मुख्य रूप से मुखिया राम नारायण प्रसाद, प्रखंड उपाध्यक्ष, कृष्णा यादव बरई पट्टी, फतेह आलम जादोपुर सुकुल, धर्मराज प्रसाद जादोपुर दुखहरण, कृष्णा राम, रंजन प्रसाद जागीरी टोला, राजेश प्रसाद तिरबीरवा इत्यादि लोगों ने सभा को संबोधित किया और दर्जनों वार्ड सदस्य भी मौजूद रहे।