शव जानवरों के नोचे जाने की चर्चा
गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र के हरदिया गांव के चंवर में स्थित गेहूं के खेत से एक अधेड़ का शव पुलिस ने बरामद किया है। शव को जानवरों ने खा लिया है जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जाता है कि भोरे-कटेया मुख्य मार्ग से करीब 500 मीटर की दूरी पर हरदिया के चंवर में लगी गेहूं की फसल देखने कुछ ग्रामीण गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत ही इसकी जानकारी पुलिस को दी।
उधर, शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इकट्ठे हो गए। घटनास्थल पर जिस शव को बरामद किया गया है, उसके शरीर पर क्रीम कलर का फुल पैंट, शर्ट और एक हाफ स्वेटर पाया गया है। उसके चेहरे को जानवरों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया बताया जा रहा है इसके कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि मृतक मजदूर तबके का था। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान भी पाए गए हैं। वहां की फसल पूरी तरह से रौंदी हुई प्रतीत हो रही है।
इससे यह आशंका जताई जा रही है कि अधेड़ की हत्या घटनास्थल पर ही की गई हो। घटना की जानकारी मिलने पर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता भी पहुंचे और पूरे मामले की जांच करने की बात कही।
साथ ही उन्होंने बताया ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। उसकी शिनाख्त की जा रही है। साथ ही विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।