गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के बरौली थाना क्षेत्र के नवका टोला खजुरिया गांव में रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट में पांच महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। घायल लोगों को इलाज के लिए बरौली पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल में रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज किया जा रहा है। घायल लोगों में फूलकली देवी, फूलावती देवी, माला देवी, मीरा देवी, अंजली कुमारी व नीतीश कुमार शामिल हैं। घायलों ने बताया कि रास्ते के विवाद को लेकर पड़ोस के लोग गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर परिवार के सभी छह सदस्यों को लाठी-डंडे से हमला कर घटना को अंजाम दिया।
मौके पर मौजूद गांव के लोगों की मदद से बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया गया। मारपीट में घायल लोगों ने घटना की सूचना बरौली थाने की पुलिस को दी है। पुलिस सूचना मिलने के बाद मामले की छानबीन करने में जुट गई है।