गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बेईली गांव में बुधवार की शाम को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक पक्ष से छह लोगों घायल हो गए।
सभी घायलों को रेफरल अस्पताल कटेया में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। घायल लोगों में रामू चौहान ने बताया कि उनके ही पड़ोस के लोगों के बीच पूर्व से भूमि विवाद चल रहा है।
इस दौरान बुधवार को विवादित भूमि पर कुछ लोग कब्जा करने का प्रयास करने लगे। रामू चौहान व उनके घर के सदस्य मौके पर पहुंच कर जमीन पर जबरन कब्जा का विरोध करने लगे। इसके बाद पड़ोस के लोगों ने लाठी-डंडा व फरसा से हमला कर रामू चौहान, अमिताभ बच्चन, मनु चौहान, सुगंती देवी, सावित्री देवी व बीच बचाव करने गए जय प्रकाश सिंह को भी मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट की घटना के बाद सभी घायलों को कटेया रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां उनकी हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मारपीट की घटना के बाद पुलिस घायलों का बयान दर्ज कर कार्रवाई करने में जुट गई है।