- सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा सभी का इलाज।
गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के कटेया थाना क्षेत्र के डीह बगही गांव में कर्ज के रूप में दिए गए डेढ़ लाख रुपए वापस मांगने पर चार महिला समेत छह लोगों को मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया।
जख्मी लोगों को इलाज के लिए कटेया रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जख्मी लोगों में विनोद बिंद की पत्नी छठीया देवी, स्वर्गीय जयपाल बिंद की पत्नी मंजू देवी, मुन्ना बिंद की पत्नी मनीषा देवी, स्वर्गीय जयपाल बिंद की पुत्री निधि कुमारी, स्वर्गीय झेंगट बिंद के पुत्र विनोद बिंद और मुन्ना बिंद शामिल हैं।
घटना के संबंध में विनोद बिंद की पत्नी छठीया देवी ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व गांव के ही एक शख्स ने उस कर्ज के रूप में डेढ़ लाख रुपए की मांग की। रुपए नहीं होने के कारण छठीया देवी ने समूह से रुपए लेने के बाद उसे डेढ़ लाख रुपए कर्च के रूप में दे दिया। शनिवार की सुबह छठीया देवी अपने परिवार की सभी महिलाओं के साथ शौच करने के लिए घर से बाहर जा रही थी।
इस बीच कर्ज लेने वाला शख्स महिला को दिख गया। इसके बाद महिला ने उसे रुपए की मांग की तो वह रुपए देने से इनकार करने लगा और उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर सभी महिलाओं के साथ लोहे की रॉड, चाकू व लाठी डंडे से हमला कर जख्मी कर दिया गया। बीच-बचाव करने के लिए उसके परिवार के दो पुरुष सदस्य पहुंचे तो उनके ऊपर भी लोहे की रॉड, चाकू और लाठी-डंडे से हमला कर घटना को अंजाम दिया गया।
मौके पर मौजूद अन्य लोगों के बीच-बचाव करने के बाद मामला जब शांत हुआ तो उन्हें इलाज के लिए पहले कटेया रेफरल अस्पताल में लाया गया। फिर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना जख्मी लोगों ने पुलिस को दे दी है। पुलिस सूचना मिलने के बाद मामले की छानबीन करने में जुट गई है।