उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: बलेसरा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में गुरुवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर रैली का आयोजन किया गया। रैली को प्राचार्य सुधाकर शुक्ला और उप प्राचार्य पुष्पराज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
स्काउट के शिक्षक रामाशंकर गुप्त के नेतृत्व में विद्यालय परिसर से निकली यह रैली साथी गांव होते हुए लुहसी बाजार तक गई। जिसमें बैनर पोस्टर के साथ शामिल स्काउट, गाइड एवं विद्यालय के अन्य छात्र विभिन्न स्लोगनों का नारा लगाते हुए सड़क से गुजरने वाले लोगों को जागरूक कर रहे थे। इसके पूर्व विद्यालय में इस अवसर पर गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य सुधाकर शुक्ला ने कहा कि समाज को सुधारने से पूर्व हमें अपने अंदर परिवर्तन लाना पड़ेगा। तभी हमारे समाज और राष्ट्र में बदलाव आएगा। नवोदय विद्यालय जिले और देश का अग्रणी संस्थान है।
इसलिए यहां के छात्रों पर समाज में सुधार लाने की अधिक जिम्मेदारी है। छात्र विनायक मणि मिश्र ने सड़क सुरक्षा के सामान्य नियमों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को सड़क सुरक्षा के लिए जागरूक किया गया। मौके पर वरीय शिक्षक अमरनाथ जैसवार, आर एस गुप्ता, एसडी मौर्य, आरआर झा, प्रतिभा सिंह आदि थे।