उचकागांव| व्हीएसआरएस संवाददाता: निर्धारित समय में आरटीपीएस काउंटर से जारी होने वाले प्रमाण पत्र अब लोगों को नहीं मिल पा रहा है| इसके पीछे काउंटर का सर्वर डाउन बताया जा रहा है| हालांकि सरकार द्वारा सर्विस प्लस पोर्टल की सुविधा आरटीपीएस केंद्र को दी गई है। लेकिन पोर्टल का सर्वर बीते 21 दिनों से बाधित रहने के कारण
प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं महिलाएं अपना प्रमाण पत्र पाने के लिए प्रखंड मुख्यालय का चक्कर लगा रही हैं। आरटीपीएस काउंटर से प्रमाण पत्र जारी नहीं होने के कारण जाति, निवास, आय, क्रीमी लेयर, ईडब्ल्यूएस का प्रमाण पत्र बिना प्राप्त किए ही लोग बैरंग लौट रहे है। बैरंग वापस जाने के कारण ऐसे छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं में आक्रोश व्याप्त है।
इसमें अधिकांश ऐसे छात्रों की संख्या है जिनको हाईस्कूल व इंटर में एडमिशन कराने या प्रतियोगी परीक्षा में आवेदन करने के लिए प्रमाण पत्र की जरुरत है। आरटीपीएस के कार्यपालक सहायक अवधेश तिवारी ने बताया कि पिछले कई दिनों से सर्वर डाउन होने से प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहा है।
पोर्टल का सर्वर डाउन रहने के कारण करीब सात सौ से अधिक आवेदनों का समय से निष्पादित नहीं हो सका है। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। सीओ रवीश कुमार ने बताया कि इसको लेकर जिला आईटी मैनेजर सह नोडल पदाधिकारी आरटीपीएस गोपालगंज को सर्वर को ठीक कराने को कहा गया है। सर्वर ठीक होने पर सभी आवेदकों का प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।