उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय पुलिस ने मांझागढ़ थाना क्षेत्र के भोजपुरवा गांव में छापेमारी कर वृंदावन गांव के समीप साढ़े पांच माह पूर्व हुए लूट कांड में फरार चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने लूटकांड में पीड़ित की लूटी गई मोबाइल सहित दो अन्य मोबाइल को भी बरामद किया।
बताया जा रहा है कि थावे थाना क्षेत्र के लक्षवार गांव निवासी सुचित कुमार साह थाना क्षेत्र के इटवा पुल पर चाय पकौड़ी की दुकान चलाते हैं। जहां से वे बीते 20 अक्टूबर 2022 की देर रात थावे बाजार स्थित अपनी मिठाई के दुकान पर रुपया देने के लिए गए थे। रुपए देने के बाद देर रात वह वापस अपने घर आ रहे थे। जैसे ही वे वृंदावन गांव स्थित एक हार्डवेयर की दुकान के समीप पहुंचे। तभी दो बाइक से पीछा कर रहे चार लुटेरों ने उन्हें रास्ते में घेरकर चाकू और पिस्टल के बल पर उनकी बाइक, सात सौ रुपए नगद और मोबाइल लूट ली।
घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे थावे बाजार की तरफ फरार हो गए। मामले में पीड़ित ने उचकागांव थाने में चार अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी थी। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर एक आरोपित की पहचान की। जिसके बाद थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह और पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ मांझागढ़ थाना क्षेत्र के भोजपुरवां गांव में छापेमारी कर लूट कांड मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मांझा थाना क्षेत्र के भोजपुरवा गांव निवासी बच्चा कुमार के रूप में की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के पास से लूटी गई मोबाइल सहित दो अन्य मोबाइल भी बरामद किया गया है। थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित ने अपने कुछ साथियों के नाम का भी खुलासा किया है। जिसमें से लूट कांड मामले में एक अप्राथमिकी अभियुक्त अभी जेल में बंद चल रहा है। जिसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।