उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय थाना क्षेत्र के इटवा पुल के समीप पुलिस ने छापेमारी कर लूटपाट करने का प्रयास कर रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक बदमाश मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी अनुसार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह को सूचना मिली कि कुछ बदमाश इटवा पुल के समीप हथियार के बल पर राहगीरों से लूटपाट कर रहे हैं। जिसके बाद अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने पुलिस बल के साथ छापेमारी की। पुलिस को देखकर लूटपाट कर रहा एक बदमाश हथियार से हवाई फायरिंग कर बाइक से भागने लगा। जिसका पुलिस ने पीछा किया।
इस दौरान दो बदमाश बाइक से नीचे गिर कर जख्मी हो गए। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उचकागांव में भर्ती कराया।जबकि एक बदमाश बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के गौसीहाता गांव के इजमामुल हक और सुशील कुमार के रूप में की गई है। मौके से फरार बदमाश की पहचान थावे थाना के नारायणपुर गांव के धनराज कुमार के रूप में की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा बरामद किया है। पूछताछ के बाद मामले में एफआईआर दर्ज किया गया है। दोनों बदमाशों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।