उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: थाना क्षेत्र के कवहीं गांव निवासी पेंटर अनिल महतो की हत्या मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मिली जानकारी अनुसार उचकागांव थाना क्षेत्र के कवहीं गांव के बुनीलाल महतो के 40 वर्षीय पुत्र अनिल महतो पेंटर का काम करते थे। बीते तीन अप्रैल को वह अपने साथी के साथ थाना क्षेत्र के कपरपुरा गांव में पेंटिंग का काम करने के लिए गए हुए थे। देर शाम वापस आने के क्रम में छोटका सांखे पंडित जी के पुल के समीप उन्हीं के दो साथियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी।
मामले में मृतक अनिल महतो की पत्नी लक्ष्मीनिया देवी ने थाना क्षेत्र के कवहीं गांव के मेघु महतो व एक अज्ञात के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित में मेघु महतो को गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ में मेघु महतो ने अनिल महतो की हत्या में सहयोग करने वाले दूसरे साथी के नाम का खुलासा किया था। उसके बाद थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने थाना क्षेत्र के छोटका सांखे गांव में छापेमारी कर फरार चल रहे अप्राथमिकी अभियुक्त विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।