गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के कटेया थाना क्षेत्र के भठवां गांव में गुरुवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 65 वर्षीय एक वृद्ध की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना कटेया थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन करने में जुट गई। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गुरुवार की देर रात भठवां गांव के 65 वर्षीय नागेंद्र मिश्र खाना खाने के बाद दरवाजे के समीप टहल रहे थे। इस बीच तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। जिससे उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। हादसे के बाद परिवार के सदस्य व अन्य लोग मौके पर जुट गए। उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे।
तब तक पता चला कि हादसे के बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया है। वृद्ध की मौत के बाद परिवार के सदस्यों में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ मार कर रो रहे थे। आसपास के लोग रो बिलख रहे परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे थे।
मगर उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था। गुरुवार की रात वृद्ध के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। शुक्रवार की सुबह डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले कर दिया। परिजन शव लेकर अपने गांव के लिए रवाना हो गए।