- अभिमन्यु की हत्या के मामले में प्रेमिका के पिता, चाचा व मां गिरफ्तार।
मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज में भरी पंचायती में प्रेमिका के सामने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी। वहीं, हत्या के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हत्या में प्रयोग किये गये चाकू को भी बरामद कर लिया है। युवक को प्यार करने की ऐसी खौंफनाक सजा मिली है, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़ें हो जाएंगे। प्यार के दुश्मनों ने भरी पंचायती में चाकू से कत्ल कर दी, जैसे भेंड और बकरियों का कत्ल किया जाता है। कत्ल का संगीन आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि लड़के से बेइंतहा मोहब्बत करने वाली प्रेमिका के पिता पर है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मीरगंज थाना क्षेत्र के कुसौंधी गांव में युवक अभिमन्यु सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को प्रेमिका के पिता,चाचा तथा उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिसमें प्रेमिका के पिता ओसीहर सिंह,चाचा कुंदन सिंह तथा मां चिंता देवी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपित फरार है। हत्या में प्रयुक्त चाकू को पुलिस ने बरामद किया है।
सोमवार की शाम मीरगंज थाना परिसर में हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने पत्रकारों को हत्या मामले का खुलासा करते हुए बताया कि युवक अभिमन्यु की हत्या प्रेम -प्रसंग में की गई है। युवक का प्रेम प्रसंग गांव के ही ओसीहर सिंह की पुत्री अंकिता कुमारी से पिछले कुछ दिनों से चल रही थी। रविवार की दोपहर में युवक अभिमन्यु सिंह के दरवाजे पर प्रेम -प्रसंग मामले को लेकर पंचायती चल रही थी।
पंचायती के दौरान ही गुस्से में आए प्रेमिका के पिता ने युवक को चाकू घोंप दिया जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृत युवक की मां सुनीता देवी के बयान पर मीरगंज थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज करायी गई । पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपितो को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रेमिक ने बताया जान को खतरा, प्रेमी के घर पहुंची
प्रेमिका अंकिता कुमारी ने अपने मां-बाप और रिश्तेदारों से जान को खतरा बताया. अंकिता ने कहा कि उसके सामने ही उसके पिता ने चाकू मारकर प्रेमी अभिमन्यु कुमार सिंह की हत्या कर दी. प्रेमी की हत्या के बाद उसकी हत्या करने के लिए मां-बाप ढूंढ रहे थे, लेकिन वह भागकर प्रेमी के घर पहुंच गयी. अंकिता कुमारी ने कहा कि अब वह दूसरी शादी नहीं करेगी और अपने प्रेमी के कातिल को सजा दिलवायेगी.
हाई स्कूल से दोनों के बीच था प्रेम प्रसंग :
अंकिता व अभिमन्यु के बीच पिछले छह माह पूर्व से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक साथ हाई स्कूल में पढ़ रहे थे। सोमवार को प्रेमिका अंकिता अपने प्रेमी के घर चली गई थी। जिसके बाद विवाद गहरा गया और यह घटना घटी। हाई स्कूल में पढ़ने के दौरान ही दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे थे। अंकिता इसी साल मैट्रिक की परीक्षा दी है।
बताते हैं कि प्रेमिका अंकिता इसके पहले कई बार प्रेमी के साथ भाग चुकी है। छापेमारी दल में मीरगंज थानाध्यक्ष किशोरी चौधरी, आशीष कुमार, मनोज कुमार, विकास कुमार बिट्टू, विनोद कुमार आदि पुलिस अफसर शामिल थे।
दुबई से लायी गई चाकू की गई हत्या :
युवक अभिमन्यु की हत्या दुबई से लायी गई चाकू से की गई। पुलिस के समक्ष दिए बयान में आरोपित ओसीहर सिंह ने यह बात कबूल की। ओसीहर पिछले फरवरी माह में दुबई से घर लौटा था उसी समय यह चाकू साथ में लाया था। वह दुबई में स्टील का काम करता था। उसने बताया कि वह खुद इसको बनाया था।
सोमवार को जब वह बाहर गया था तो पता चला कि उसकी लड़की अंकिता अभिमन्यु के घर चली गई है और वहां पंचायत रखी गई है। इसके बाद वह अपने घर से चाकू लेकर वहां पहुंचा और उसके पेट में घोंप दिया जिससे उसकी मौत हो गई।