गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के थावे थाना क्षेत्र के रिखई टोला गांव में बच्चियों के विवाद को लेकर हुई मारपीट में सास-बहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए उन्हें थावे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।
मारपीट में घायल जानकी देवी और उसकी बहू मुन्नी देवी ने बताया कि उनके घर की कुछ बच्चियों दरवाजे पर खेल रही थी। इस बीच खेल-खेल में ही पड़ोस की बच्चियों के साथ उनका विवाद हो गया। जिसके बाद उनके परिवार के सदस्य जाकर गाली गलौज करने लगे। जिसका विरोध करने पर लाठी-डंडे से हमला कर घटना को अंजाम दिया गया।
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से मामले को शांत कराया गया। इसके बाद घायल सास-बहू को इलाज के लिए पहले थावे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फिर गोपालगंज सदर अस्पताल में लाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना थावे थाना की पुलिस को दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।