मीरगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: वार्षिक बजट को लेकर मीरगंज नगर परिषद के सभागार में बैठक की गई| जिसमें वर्ष 2023-24 का बजट पारित किया गया।
बजट के तहत 70 करोड़ 75 लाख रुपए की आमदनी होने अनुमान है। जबकि 87 करोड़ 89 लाख 77 हजार तीन रुपए की राशि खर्च करने की योजना बनाई गई है। मुख्य पार्षद अनिता देवी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
मुख्य पार्षद ने आमदनी व खर्च के ब्योरे को सदन में रखते हुए चालू वित्तीय वर्ष के नए कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि नगर परिषद का वार्षिक बजट आमदनी के हिसाब अधिक खर्चा वाला है। आय का सबसे बड़ा स्रोत होल्डिंग टैक्स, अतिरिक्त मुद्रांश शुल्क व सैरातों व बस स्टैंड की बंदोबस्ती है। इससे 1 करोड़ 67 लाख रुपए की आमदनी होगी। इसके अलावा आवास योजना, वित्त आयोग, विशेष सफाई अनुदान आदि से करीब 37 करोड़ रुपए आमदनी का अनुमान है। नप में वेतन मद में करीब एक करोड़ 35 लाख रुपए खर्च होंगे। नाला निर्माण व साफ -सफाई कार्य मे 11 करोड़, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 20 करोड़ रुपए खर्च करने का लक्ष्य तय है। इसके अलावा भवन निर्माण में 25 करोड़, नाला गली निर्माण के लिए 18 करोड़, बस स्टैंड निर्माण, सेल्फी पॉइंट, पार्क, खेल मैदान, लाइब्रेरी आदि पर 6 करोड़ 30 लाख समेत अन्य कई विकास योजनाओं में राशि खर्च करने का बजट है।
प्रधान सहायक रवि रंजन कुमार ने बताया कि प्लांट एंड मशीनरी पर एक करोड़ की राशि खर्च होने का अनुमान है। पेयजल मद में चार करोड़ जबकि पब्लिक लाइट में एक करोड़ खर्च होंगे| 31 लाख की लागत से शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। सफाई कार्य के लिए वाहनों की खरीदारी पर 50 लाख की राशि तय की गई है। बैठक में उप मुख्य पार्षद धनंजय यादव,कार्यपालक पदाधिकारी डॉ अजीत कुमार शर्मा,सशक्त समिति के सदस्य दीपक मिश्र,सोनू प्रसाद,सुमन देवी,प्रीति सोनी, पूजा देवी, रघुवर पड़ित, मुन्ना प्रसाद, संगीता देवी, विजय लक्ष्मी देवी, हरेश प्रसाद, राजेश कुमार, सुबूक तारा, महलुदन आदि शामिल थे।
—————–
बजट की कुछ योजनाएं:
– नगर क्षेत्र के जयप्रकाश , मरछिया देवी चौक, हथुआ मोड़,हरखौली रेलवे ढाला, कचहरी रोड सहित 27 स्थलों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
– जल जीवन हरियाली योजना के तहत नगर क्षेत्र के कुआं-तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण
– शहर में आधुनिक क्लब व पुस्तकालय का होगा निर्माण।
– नगर क्षेत्र में 30 लाख की लागत से कई स्थलों पर सेल्फी पॉइंट का होगा निर्माण
– 31 लाख की लागत से साहू जैन हाई स्कूल के पास आधुनिक सामुदायिक शौचालय का होगा निर्माण
– 4 करोड़ की लागत से नप क्षेत्र के वंचित घरों तक नल का जल पहुंचाने का होगा काम
– 50 लाख की लागत से प्रज्ञा नगर स्थित तालाब का जीर्णोद्धार और पार्क का होगा निर्माण