मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: कल यानि 25 दिसंबर को क्रिसमस डे मनाया जाएगा। इसको लेकर मीरगंज शहर में रौनक दिखने लगी है। ऐसे में शहर की दुकानें सांताक्लाज, क्रिसमस ट्री, स्टार और तोहफों से सज गई हैं। अलग-अलग डिजाइन के ट्री उतारे गए हैं।
जगदम्बा स्टोर के संचालक कुंदन जयसवाल का कहना है कि क्रिसमस को लेकर काफी चहल-पहल नजर आ रही है। युवा, बुजुर्ग,बच्चे सभी उत्साहित नजर आ रहे हैं। छोटे-बड़े सभी आकार के क्रिसमस ट्री, सांताक्लाज मंगाए गए हैं। एक से एक खूबसूरत स्टार मंगाए गए हैं। कई ऐसे स्टार है जिन पर जिंगल बेल लिखा हुआ है। वहीं सांताक्लाज की छोटी-बड़ी सभी आकार की ड्रेस मंगाई गई हैं।
बच्चों के लिए यह ड्रेस विशेष तौर पर मंगाई गई है। जिन्हें बच्चे खरीदने को उत्सुक दिख रहे हैं। इस संबंध महिलाओं का कहना है कि इस दिन वे अपने घर को सजाएगी। इसके लिए क्रिसमस ट्री, स्टार इत्यादि की खरीदारी की जा रही हैं। इस दिन सभी एक साथ मिलजुल कर मीसा की प्रार्थना करते हैं। साथ ही भोजन करते हैं। यह बेहद खुशी के पल होते हैं। वहीं छोटे बच्चों का कहना है कि सांताक्लाज बनकर उन्हें बेहद आनंद आता है। झोले में तोहफे डालकर जब बांटने का मौका आता है तो बेहद खुशी मिलती है।
क्रिसमस का अपना अलग ही आनंद है। परिवार के बड़े भी हमारे साथ शामिल होते हैं। सभी के साथ मिलजुल कर पर्व मनाते हैं। वहीं बड़ों का भी कहना है कि बच्चों की खुशी में शामिल होकर हमें भी बेहद खुशी मिलती है। इससे आपस में प्रेम और भाईचारे की भावना का विकास होता है।
क्रिसमस डे कल, सबेया चर्च सजा :
ईसाई समुदाय का प्रमुख पर्व क्रिसमस डे को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। रविवार को सबेया स्थित चर्च में सुबह से ही प्रार्थना सभा आरंभ होगी। गिरिजाघर से लेकर शहर के प्रमुख मॉल और गिफ्ट गैलरियों में क्रिसमस गिफ्ट सजे हुए हैं। लोग अपने प्रियजनों के लिए आकर्षक गिफ्ट खरीद रहे हैं।
क्रिसमस ट्री से लेकर क्रॉस बने हुए स्टार आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। न केवल ईसाई समुदाय के लोग बल्कि हर वर्ग के युवा और बच्चे क्रिसमस के रंग में रंगे। शाम को सबेया के गुड शेफर्ड चर्च और गिफ्ट गैलरियों में अच्छी रौनक थी। कोई सेल्फी लेने में व्यस्त था तो कोई उपहार पसंद कर रहा था। कुछ लोग क्रिसमस डे के दिन के लिए बुकिंग कर रहे थे।
केक पेस्ट्री भी खूब बिके: क्रिसमस को बड़ा दिन भी कहा जाता है। बड़े दिन की तैयारियां न केवल गिरजाघर में चल रही हैं बल्कि बेकरी की दुकानों में केक और पेस्ट्री विभिन्न डिजाइनों में सजे हुए हैं। लोग विभिन्न वैरायटियों के केक और पेस्ट्री खरीद रहे हैं।
दुकानदार मन्नू मदेशिया ने बताया कि अन्य दिनों की अपेक्षा क्रिसमस डे और नव वर्ष पर लोग केक और पेस्ट्री की बिक्री अधिक होती है। 50 रुपए से आरंभ है जबकि पेस्ट्री 15 रुपए से लेकर सौ रुपए तक के बिक रहे हैं। चॉकलेट, स्ट्राबेरी और सामान्य किस्म के केक और पेस्ट्री पसंद किए जा रहे हैं।