गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद ससुराल वाले महिला की शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुटे हुए थे। इसकी सूचना मिलने के बाद विवाहिता के मायके वाले मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी कुचायकोट थाना की पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो विवाहिता के ससुराल वाले शव छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरया सुजान थाना क्षेत्र के हबीरपुर गांव के रहने वाले स्वर्गीय राजेंद्र कुशवाहा की पुत्री मनीषा कुमारी की शादी चार वर्ष पूर्व कुचायकोट थाना क्षेत्र के खजूरी गांव के पिंकू कुशवाहा के साथ हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक था। शुक्रवार की रात किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद मनीषा देवी की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
हत्या की वजह परिवारिक विवाद है या फिर दहेज के लिए उसकी हत्या की गई है। पुलिस तमाम बिंदुओं पर मामले की छानबीन कर रही है। मामले में मृतका के मायके वालों ने थाने में लिखित शिकायत खबर लिखे जाने तक नहीं की थी। पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद अपने स्तर से मामले की जांच पड़ताल कर रही है।