उचकागांव| व्हीएसआरएस संवाददाता: दहेज में दस लाख रुपए नहीं मिलने पर विवाहिता प्रतिभा कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को छोड़ ससुराल वाले फरार हो गए। घटना मीरगंज थाने के मीरगंज शहर के वार्ड संख्या 12 राज स्कूल के समीप की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में विवाहिता के पिता कुचायकोट थाने के हरपुर गांव निवासी हरेंद्र प्रसाद ने हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें पति संदीप सोनी, ससुर अशोक सोनी,सास विभा देवी,ननद रागिनी देवी को नामजद किया है। किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना के बाद आरोपित घर छोड़ फरार हैं।
एफआईआर में पिता ने कहा कि वर्ष 2018 को उन्होंने अपनी बेटी प्रतिभा की शादी मीरगंज शहर के वार्ड संख्या 12 के रहने वाले अशोक सोनी के पुत्र संदीप सोनी के साथ की थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग की जाने लगी। इसके लिए प्रतिभा को प्रताड़ित किया जाने लगा। प्रताड़ना की शिकायत करने पर पिता ने कई बार पंचायती भी करायी, लेकिन ससुराल वाले दहेज की मांग पर अड़े रहे। 26 फरवरी की सुबह 8 बजे प्रतिभा रोते हुए फोन की थी उसके कुछ देर बाद पता चला की उसकी हत्या कर दी गई है तो वह बेटी की ससुराल मीरगंज पहुंचे।
वहां जानकारी मिली कि ससुराल वाले हत्या के बाद शव को ठिकाने के लिए वाहन की व्यवस्था कर रहे थे। उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विवाहिता के भाई का कहना है कि सुसराल वालों के कहने पर मुंहमांगा उपहार दिया गया था। लेकिन फिर दस लाख की मांग की जाती रही और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस कार्रवाई कर रही है| सभी आरोपित फरार है|