गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के दलेया गांव में पुलिस की टीम ने छापामारी कर एक क्विंटल 35 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। कुचायकोट थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार तिवारी ने बताया कि एसपी आनंद कुमार के निर्देश पर गुरुवार की शाम विशेष अभियान के तहत थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की टीम छापामारी कर रही थी।
छापामारी के क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि कुचायकोट थाना क्षेत्र के दलेया गांव में गांजा की खेप छुपा कर रखी गई है। इसके बाद पुलिस की टीम थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार तिवारी के नेतृत्व में दलेया गांव में पहुंची और गांजा तस्कर धर्मेंद्र यादव के घर पर छापामारी की छापामारी के क्रम में गांव में हड़कंप मच गया था। पुलिस की टीम लगातार धर्मेंद्र यादव के घरों की तलाशी ले रही थी। तलाशी के क्रम में घर के अंदर बनाए गए तहखाना कि जब पुलिस ने जांच की तो उसके अंदर छुपा कर रखे गए करीब एक क्विंटल 35 किलो गांजा बरामद किया गया इसके साथ ही गांजा तस्कर धर्मेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार गांजा तस्कर से पुलिस की टीम ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वह नेपाल से गांजा की खेप लाकर उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत अन्य जगह पर सप्लाई करता है। इस मामले में पकड़े गए गांजा तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस की टीम ने उसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस बारे में थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के क्रम में पता चला है कि गांजा तस्कर धर्मेंद्र यादव के संपर्क में अन्य कई तस्कर शामिल हैं। जिनके ठिकानों पर पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है।
उन्होंने बताया कि गांजा तस्करी से जुड़े तस्करों की पहचान करने के बाद जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीम छापामारी कर रही है।