गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के भोरे थाना क्षेत्र के सकतौली गांव में एक युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद भोरे थाना की पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। इसके बाद मामले की छानबीन करने में जुट गई।
घटना के संबंध में बताया गया है कि युवक बुधवार की शाम से ही गायब था। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। गुरुवार की सुबह गांव के लोग बागीचे की ओर शौच करने के लिए गए थे। इस दौरान उनलोगों ने देखा कि एक युवक का शव पेड़ से लटक रहा है। घटना की सूचना आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। सूचना मिलने के बाद गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद युवक की पहचान गांव के ही हीरा चौहान के 18 वर्षीय पुत्र अविनाश चौहान के रूप में की गई। पहचान के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि युवक का प्रेम गांव की ही एक लड़की से था। इसके कारण ही उसकी हत्या की गई है। भोरे थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि युवक की हत्या कर पेड़ से शव लटकाने का आरोप परिजन लगा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले में खुलासा कर लिया जाएगा। परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.