गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के सुंदरपट्टी गांव में एक साइकिल सवार युवक के साथ मारपीट कर कुछ लोगों ने दस हजार रुपए छीन लिए। युवक नगर थाना क्षेत्र के हरबासा गांव के वीरेश मांझी का पुत्र विशाल कुमार बताया गया है। इलाज के लिए उसे गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
घटना के संबंध में मारपीट में घायल युवक विशाल कुमार ने बताया कि वह मीरगंज शहर में काम करने के लिए गया था। बुधवार की देर रात साइकिल पर सवार होकर अपने घर वापस लौट रहा था। इस बीच वह जैसे ही नगर थाना क्षेत्र के सुंदरपट्टी गांव के समीप पहुंचा कि कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। मारपीट के क्रम में पास में रखे गए दस हजार रुपए छीन लिए गए। गुरुवार की सुबह मारपीट में घायल युवक व उसके परिवार के सदस्यों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस उसके गांव पर पहुंची और उसे इलाज के लिए लेकर सदर अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में किया जा रहा है। घटना की सूचना युवक ने नगर थाना की पुलिस को दी है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।