गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के मांझागढ़ थाने के मधु सरेया गांव में ससुर के बारे में जानकारी नहीं देने पर एक महिला को पेड़ से बांधकर पीटा गया। घायल महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। इमरजेंसी वार्ड में घायल महिला सुनीता देवी का इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कुछ लोग महिला के दरवाजे पर पहुंचे और उसके ससुर के बारे में पूछताछ करने लगे। ससुर के बारे में जानकारी नहीं होने की बात महिला ने जब उन लोगों से कही तो वह लोग उसे पास के बगीचे में लेकर गए और रस्सी से उसका हाथ पैर बांध दिया। फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी। लोगों की पिटाई से महिला घायल हो गई। इस घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उठाकर इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल में ले गए। जहां से डॉक्टरों ने सदर अस्पताल में भेज दिया।
घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है। घटना की सूचना महिला व उसके परिवार के सदस्यों ने स्थानीय थाने की पुलिस को दी है। पुलिस सूचना मिलने के बाद मामले की छानबीन करने में जुट गई है।