गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: पटना से सटे मोकामा और गोपालगंज विधानसभा के लिए तीन नंवबर को मतदान होगा। मंगलवार को प्रचार के आखिरी दिन सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी। राजद और भाजपा नेता लगातार एक दूसरे पर हमलावर है।
इसी क्रम में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने राजद को लेकर एक विवादित बयान दे दिया है। सुशील मोदी ने राजद की तुलना कुत्ते से कर दी है। भाजपा नेता के इस बयान के बाद से बिहार की राजनीति का पारा गर्म है।
भाजपा उम्मीदवार कुसुम देवी के पक्ष में वोट मांगने पहुंचे राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव पर जमकर हमला किया। राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की तुलना कुत्ते की पूंछ से कर दी। कहा कि आरजेडी कुत्ते की पूंछ की तरह है, उसमें जितना भी तेल लगाओ सीधी नहीं होगी।
महागठबंधन सरकार आते ही बढ़ीं आपराधिक वारदातें
गोपालगंज के बंजारी मोड़ पर एक होटल में प्रेस वार्ता को संबोधित करते सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से राज्य में फिर राजद के साथ रहने वाले अपराधी बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा बिहार में नीतीश कुमार ने जिस दिन भाजपा से गठबंधन तोड़कर नई सरकार बनाई उसी दिन से आपराधिक वारदातें बढ़ गईं।
उन्होंने राजद प्रत्याशी मोहन प्रसाद गुप्ता पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि गोपालगंज में वर्ष 2016 में जो खजुरबानी जहरीली शराब कांड हुआ था। राजद प्रत्याशी मोहन प्रसाद गुप्ता पर कांड में संलिप्त थे। उन्होंने कहा कि मोहन प्रसाद गुप्ता के ही परिवार के सदस्यों को इस जहरीली शराब कांड में आरोपित किया गया था। जो एक गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में महागठबंधन की ओर से गोपालगंज और मोकामा में वैसे लोगों को राजद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतारा गया है। जिनके ऊपर शराब माफिया या अपराधी होने का आरोप है। सुशील मोदी ने कहा कि जिस गोवा में मोहन प्रसाद गुप्ता की कंपनी सिल्वरएक्स हेरिटेज प्राइवेट लिमिटेड को गोवा से अरुणाचल प्रदेश के लिए शराब की सप्लाई करनी थी। उस शराब को झारखंड के गिरिडीह से जब्त किया गया था। राजद प्रत्याशी शुरुआत से ही शराब माफिया रहे हैं। ऐसे लोगों को राजद ने टिकट दिया है। राजद अपराधियों और भ्रष्टाचार में संलिप्त पार्टी है। उसका सांठगांठ हमेशा अपराधियों के साथ रहता है।
कुसुम देवी के सामने राजद के मोहन प्रसाद गुप्ता
आपको बता दें गोपालगंज में भाजपा उम्मीदवार कुसुम देवी के सामने राजद उम्मीदवार मोहन प्रसाद गुप्ता चुनाव मैदान में हैं। बीजेपी के विधायक रहे सुबाष सिंह के निधन से यह सीट खाली हुई। इसी साल अगस्त महीने में इलाज के दौरान दिल्ली एम्स सुबाष का निधन हो गया था।