गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पक्का प्लास्टर कटने के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप एक महिला ने लगाया है। महिला की शिकायत पर सदर अस्पताल प्रबंधक सिद्धार्थ कुमार ने अवैध वसूली करने वाले कर्मी पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। जो रोगी कल्याण समिति में जमा की जाएगी।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के गौसीया गांव की रहने वाली सोनम कुमारी अपने भाई को लेकर सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंची हुई थी। उसके भाई का पैर करीब 2 महीने पूर्व टूट गया था। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पक्का प्लास्टर किया गया था। प्लास्टर करने के नाम पर पूर्व में पांच सौ रुपए अवैध वसूली कृष्णा नामक कर्मी के द्वारा कर ली गई थी। महिला जब पक्का प्लास्टर कटवाने के लिए सदर अस्पताल में पहुंची तो फिर से पांच सौ रुपए की मांग की गई। महिला ने पांच सौ रुपए दे दिए तो उसे काटने के लिए 50 रुपए और कर्मी के द्वारा डिमांड किया गया।
इस पर महिला ने रुपए नहीं होने की बात कही तो कृष्णा नामक कर्मी ने उसका पुर्जा फाड़ कर उसे सदर अस्पताल से भगा दिया। रोते बिलखते महिला अस्पताल प्रबंधक के पास पहुंची। महिला की पीड़ा सुनने के बाद अस्पताल प्रबंधक ने कृष्णा नाम पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
साथ ही उन्होंने यह चेतावनी दी कि सदर अस्पताल के किसी भी वार्ड में अगर कोई अवैध वसूली करता है तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाने की कार्रवाई के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।