गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के विश्वम्भरपुर थाना क्षेत्र के सलेहपुर गांव में पत्नी की विदाई नहीं होने से नाराज पति ने अपने ससुराल में ही पत्नी की दुपट्टे से पेड़ पर लटक कर अपनी जान दे दी। मृतक उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के तंबौल थाना क्षेत्र के कोलगढ़ गांव के राधेश्याम का पुत्र राजेश कुमार था। घटना की सूचना मिलने के बाद विश्वम्भरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतार कर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि राजेश कुमार की शादी विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के सलेहपुर गांव के भोला साह की बेटी अनंता कुमारी के साथ करीब छह माह पूर्व हुई थी। शादी के दो महीने के बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली आई। इस बीच युवक के ससुराल वालों ने कहा कि उसकी विदाई करीब एक साल बाद में करेंगे। वहीं घटना के बाद युवक के ससुराल वाले शव के साथ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के लिए आएं। उधर परिवार के कुछ सदस्यों को छोड़कर बाकि घरवाले फरार हो गए हैं। पुलिस व युवक के ससुरालवाले उसके आत्महत्या कर लेने की जानकारी उसके घरवालों को दी है। सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन सीतापुर से गोपालगंज के लिए रवाना हो गए हैं।
दीपावली के दिन ससुराल आया था युवक
दीपावली के दिन ही युवक अपने ससुराल पहुंच गया और अपनी पत्नी को लेकर जाने की बात कहने लगा। इससे ससुराल वालों से उसकी कहा सुनी हो गई। पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात बताई जा रही है। पत्नी की विदाई नहीं होने से आहत होकर पति ने अपने ससुराल में ही स्थित एक पेड़ पर पत्नी के दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाकर झूल गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़
गुरुवार की सुबह गांव के लोग उसे रास्ते से होकर गुजर रहे थे तो देखा कि युवक का शव पेड़ से लटक रहा है। इस घटना की सूचना आसपास के इलाके में आग की तरह फैल गई। फिर मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ में शामिल लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
वर्जन
सलेहपुर गांव में पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर लेने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पति पत्नी के बीच विवाद होने के बाद आत्महत्या कर लेने की बात जांच सामने आई है।
अमरेंद्र कुमार साह, थानाध्यक्ष, विश्वम्भरपुर।