गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के बेदू टोला गांव में एक महिला ने कीटनाशक दवा खा ली, जिससे महिला अचेत हो गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की पहचान बेदू टोला गांव निवासी रामानंद राम की पत्नी अनारकली देवी के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि थावे थाना क्षेत्र के बेदू टोला गांव निवासी कीटनाशक दवा के सेवन करने से अचेत महिला का उसके पति रामानंद राम से पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों पति पत्नी के बीच लड़ाई हो गई। पति ने पत्नी की पिटाई भी कर दी।
पिटाई से आहत महिला ने घर में रखे सब्जी के पौधों में डालने वाला कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। सेवन करने के कुछ देर बाद महिला अचेत हो गई। इसकी जानकारी होते ही महिला के पति समेत अन्य परिजनों ने महिला को इलाज के लिए थावे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टर ने स्थिति को नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तत्काल गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया।