मीरगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: बुधवार को रंगों का पर्व होली पर उचकागांव के ग्रामीण व मीरगंज शहर में लोगों ने खूब धमाल मचाया। रंग, अबीर, गुलाल की बौछार हुई। इस होली पर लोगों में कोरोना का डर नहीं था|
लोगों ने जमकर होली खेली। तमाम लोगों ने विरोधियों को भी गले लगाकर गिले-शिकवे भुला दिए। गुझिया सहित खास व्यंजनों ने रंगों के इस त्योहार पर संबंधों में मिठास भी खूब घोली। जगह-जगह डांस की मस्ती दिखाई दी तो गांवों में चौपाइयों की धूम रही।
सोमवार की रात होलिका दहन के साथ ही पर्व का हर्षोल्लास शुरू हो गया। पहले लोगों ने श्रद्धा के साथ होलिका स्थलों की पूजा परिक्रमा की। होली के गीतों ने उल्लास को और बढ़ा दिया। इसके बाद मेल-जोल का दौर शुरू हुआ। लोगों ने बड़ों से आशीर्वाद लिया। साथ ही गले मिलकर बड़े-छोटों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही बच्चों और युवाओं का होली का हुड़दंग भी शुरू हो गया। तमाम बच्चे और युवा टोलियां बनाकर यहां-वहां घूमते हुए लोगों को रंगों में सराबोर कर रहे थे। जगह-जगह साउंड सिस्टम पर डांस की मस्ती भी चल रही थी। हर गली-मुहल्ला होली के रंगों में रंगा हुआ नजर आ रहा था।
इस बार किसी को भी कोरोना का डर नहीं था, इसलिए उत्साह और ज्यादा देखा गया। शाम को एक-दूसरे के घर जाकर शुभकामनाओं का दौर शुरू हो गया। घर आने वाले मेहमानों को खास व्यंजनों को खिलाने का दौर रात तक चला। इस बीच, छिट पुट घटनाओं को छोड़ कर होली शांति पूर्वक रही|