उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: जवाहर नवोदय विद्यालय बलेसरा में शनिवार को हिंदी पखवारा कार्यक्रम का समारोह पूर्वक समापन हो गया। समापन कार्यक्रम का उद्घाटन यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया मीरगंज शाखा के प्रबंधक ब्रजेश चौबे और उप प्राचार्य पुष्पराज सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में श्री चौबे ने कहा कि हिंदी भाषा को समृद्ध बनाने में और छात्रों को अवसर प्रदान करने में विभिन्न विधाओं में आयोजित प्रतियोगिताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उप प्राचार्य पुष्पराज सिंह ने हिंदी पखवारा को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए शिक्षक कृष्णमणि मिश्रा, रमाशंकर गुप्त एवं सुनील दत्त चौबे की सराहना की।
हिंदी पखवारा के अवसर पर प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वालों में सूक्ति लेखन के लिए सचिन कुमार, भाषण के लिए प्रिंस राज, मुन्ना कुमार गुप्ता, कहानी लेखन में मोहम्मद जीशान रजा, सिमरन, सुलेख लेखन में फरहत फातिमा, अभय शर्मा, काव्य पाठ के लिए फरहत फातिमा, सानिया, श्रुतलेख के लिए आकांक्षा कुमारी, सुमन कुमारी, वर्तनी शोधन के लिए आनंद राज, सानिया कुमारी, दोहा वाचन के लिए अनुष्का कुमारी, शिवांगी कुमारी, त्वरित भाषण के लिए विनायक मणी, शुभम कुमार,
साहित्यकारों का चित्रांकन के लिए भव्या राय, विशाल कुमार एवं मुहावरा अभिनय प्रतियोगिता में अरावली सदन के उत्कर्ष कुमार, दीपक कुमार, प्रिंस कुमार, राजनंदिनी, मुस्कान कुमारी को सामूहिक रूप से प्रथम पुरस्कार का प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर शिक्षक सुबोध कुमार श्रीवास्तव, श्रद्धा रंजन, आरए सिंह आदि थे।