गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज के साकिब हुसैन IPL 2024 के ऑक्शन सूची में शामिल किया गया है। साकिब के IPL ऑक्शन में शामिल होने की सूचना पर परिवार के साथ जिले में खुशी का माहौल है। साकिब बेंगलुरु में हैं और इसकी तैयारी में जुटे हैं।
साकिब दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। चेन्नई सुपर किंग में नेट बॉलर के रूप में पहले से चयनित साकिब का बेस प्राइस 20 लाख रुपए है। साकिब सदर प्रखंड के दरगाह मोहल्ला निवासी हैं। उनके पिता अली अहमद हुसैन पेशे से मजदूर हैं।
चार भाइयों में तीसरे नंबर पर साकिब को बचपन से ही क्रिकेट के प्रति लगाव था। शहर के मिंज स्टेडियम में दौड़ने जाते थे, जहां खिलाड़ियों को देखकर उनके भी मन में तमन्ना जागी कि वह भी एक बेहतर क्रिकेटर बनकर परिवार और जिले का नाम रोशन करेंगे।
इंटर तक पढ़ाई फिर क्रिकेट में रुचि
इंटर तक पढ़ाई करने के बाद साकिब ने क्रिकेट की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे आगे बढ़ते गए। साकिब ने फोन पर बताया कि मिंज स्टेडियम में हुए देवधारी गिरी टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिला था। जिसमें बॉलिंग के लिए चयन हुआ था। इसके बाद 2021 में पटना में होने वाले बिहार क्रिकेट लीग में शामिल हुआ। इसके बाद अंडर-19 खेलने चंडीगढ़ चले गए, जिसमें वह हाईएस्ट विकेट टेकर रहा।
धोनी, गांगुली कर चुके सराहना
इसके बाद नेशनल क्रिकेट एकेडमी बैंगलोर में शामिल हुआ। इसके बाद मुश्ताक अली ट्राफी खेलने का मौका मिला जिसमें लाइव प्रसारण हुआ था। लाइव प्रसारण के दौरान ही बेहतर प्रदर्शन को देखकर केकेआर, मुंबई, दिल्ली, आरसीबी चेन्नई से बुलावा आया। इसके बाद नेट बॉलर क तौर पर चेन्नई के लिए चयनित हुआ।
उन्होंने बताया कि ट्रायल देने जब दिल्ली गए थे, तब ट्रायल देख कर महेंद्र सिंह धोनी और सौरभ गांगुली ने मुझे काफी अच्छा प्लेयर बताते हुए सराहना की। बता दें कि 19 दिसंबर को दुबई में होने वाले भारत के 214 खिलाड़ियों में गोपालगंज के साकिब भी शामिल होंगे। मुकेश के बाद साकिब का नाम IPL में शामिल होने के बाद जिले के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है।
भाई बोला साकिब के चयन से परिवार खुश
साकिब के भाई ने बताया कि उनके चयन से सभी लोग खुश हैं। भाई बहुत ही मेहनती है। वो अकेले जाकर कई घंटों तक बॉलिंग की प्रैक्टिस करता था। हमारी ख्वाहिश है वो भारतीय टीम में खेले।
पिता बोले उसने बहुत मेहनत की है उसका फल तो उसे मिलना ही चाहिए, मुझे यकीन था वो खेलेगा। हम चाहते हैं वो भारतीय टीम में देश के लिए खेले। सभी का नाम रोशन करे।