बैकुंठपुर। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के छह प्रखंडों से होकर गुजरने वाली गंडक नदी का जलस्तर गुरुवार की रात हुई बारिश की वजह से बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे के दौरान नदी के जलस्तर में दस सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। मटियारी मीटर गेज पर गंडक का जलस्तर शुक्रवार को खतरे के लाल निशान पर दर्ज किया गया। पश्चिमी चंपारण जिले के बाल्मीकिनगर बराज से शुक्रवार को गंडक नदी के डाउनस्ट्रीम में 1.59 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है।
डिस्चार्ज लेबल डेढ़ लाख क्यूसेक से पौने दो लाख क्यूसेक के बीच पिछले तीन दिनों से बरकरार रहने के कारण नदी के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि नदी का जलस्तर सामान्य रहने के कारण फिलहाल कटाव की संभावना नहीं है। गुरुवार की रात हुई रैनकट से जर्जर तटबंध की मरम्मत चल रही है। मरम्मत कार्य में एक सौ से अधिक मजदूर लगाए गए हैं।
उधर नदी के जलस्तर में आंशिक वृद्धि होने की वजह से सलेमपुर, शीतलपुर, प्यारेपुर, बिन टोली सहित कई गांवों में बाढ़ पीड़ितों की परेशानी एक बार फिर बढ़ सकती है। घरों से बाढ़ का पानी उतरने के बाद सैकड़ों परिवार अपने घर लौट गए हैं। लेकिन तटबंध से गांव की ओर जाने वाली सड़कें बाढ़ की वजह से ध्वस्त हो चुकी है। जिससे आवागमन में ग्रामीणों की मुश्किलें कम नहीं हो पा रही है।