गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के छाप मठिया गांव में शुक्रवार को विवादित जमीन पर लगे पेड़ को काटने से मना करने पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के चार लोगों पर तलवार से हमला कर जख्मी कर दिया। मारपीट की घटना के बाद सभी घायलों को रेफर किए जाने के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के सम्बन्ध में बताया गया है कि छाप मठिया गांव निवासी भीष्म नारायण पर्वत व उनके पड़ोस के लोगों से घर के पास स्थित जमीन पर विवाद चल रहा था। विवादित भूमि पर लगे पेड़ को पड़ोस के लोग जबरन काट रहे थे। जिसकी सूचना मिलने के बाद भीष्म नारायण पर्वत मौके पर पहुंच कर पेड़ काटने का विरोध करने लगे। इस दौरान पड़ोस के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में भीष्म नारायण पर्वत गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं उन्हें बचाने आए ब्रजेश पर्वत, बहन ब्युटी कुमारी व मां रूबी देवी पर भी पड़ोस के लोगों ने तलवार व लाठी डंडे से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
मारपीट की घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए आसपास के लोगों के सहयोग से हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं मारपीट की घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने में जुट गई है।