- सूचना मिलने के बाद पुलिस कर रही है मामले की छानबीन।
गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के पैठानपट्टी गांव में बुधवार को भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में तलवार से हमला कर चार लोगों को जख्मी कर दिया गया।
जख्मी लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया गया। उनकी हालत गंभीर देखकर बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पैठानपट्टी गांव के परम सिंह की जमीन पर कुछ लोग जबरन कब्जा कर रहे थे। परम सिंह व उनके परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच कर विरोध करने लगे। इसी बीच एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के परम सिंह, धर्मेंद्र सिंह, रानू कुमार व रोहित कुमार पर तलवार व लाठी-डंडे से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
मौके पर मौजूद अन्य लोगों की मदद से मामले को शांत कराया गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए भेजा गया। मारपीट में जख्मी लोगों ने घटना की सूचना मांझागढ़ थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई।