गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के मांझागढ़ थाने के देवापुर आशा रावत के टोला गांव में पूर्व से चल रहे विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी में चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी लोगों को इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखकर बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इमरजेंसी वार्ड में जख्मी लोगों का इलाज किया जा रहा है। जख्मी राहुल कुमार, झुनझुन राम, बिरजू राम और जीतन राम ने बताया कि पड़ोस के लोगों से पूर्व से आपसी विवाद चल रहा था।
इसी बात को लेकर मंगलवार की शाम पड़ोसियों से कहा सुनी हो रही थी। पड़ोस के लोग गाली गलौज करने लगे। विरोध करने के बाद पड़ोसी मारपीट करना शुरू कर दिए। इसके बाद सभी चार लोगों को चाकू से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों की मदद से बीच बचाव कर मामले को शांत कराया गया।
इसके बाद जख्मी लोगों को परिवार के सदस्यों व आसपास के लोगों की मदद से इलाज के लिए पहले स्थानीय फिर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज किया गया। घटना की सूचना मांझागढ़ थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।