गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के खैरटवा गांव में जमीन पर जबरन कब्जा करने का विरोध करने पर हुई मारपीट में पांच लोग जख्मी हो गए।
जख्मी इंद्रजीत सिंह, रीना देवी, जय प्रकाश सिंह, सोनू कुमारी व विवेक कुमार को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।
घटना के संबंध में जख्मी लोगों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह उनकी जमीन पर पड़ोस के लोग जबरन कब्जा कर रहे थे। विरोध करने पर गाली-गलौज किया जाने लगा। इसके बाद लाठी-डंडा व धारदार से हथियार से हमला कर घटना को अंजाम दिया गया।
मौके पर मौजूद लोगों के बीच-बचाव करने के बाद मामले को शांत कराया गया। इसके बाद सभी घायलों को पहले स्थानीय फिर सदर अस्पताल में लाया गया। घटना की सूचना स्थानीय थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिक दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—————————-
भितभेरवा गांव में महिला को पीटा
गोपालगंज। नगर थाने के भितभेरवा गांव में पानी बहाने के विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला घायल हो गई। घायल महिला अमर कुमार गुप्ता की पत्नी सीता देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज किया जा रहा है। घटना के संबंध में बताया गया है कि पानी बहाने के विवाद में महिला को मारपीट कर घायल किया गया है।